अयोध्या न्यूज डेस्क: अमेरिका के मशहूर बिजनेसमैन एलन मस्क के पिता एरोल मस्क बुधवार को अयोध्या पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके साथ उनकी बेटी भी थीं। जैसे ही उनका चार्टर्ड प्लेन दोपहर 3 बजे महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उतरा, पुजारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया।
एरोल मस्क ने राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए और वहां पूजा-अर्चना भी की। इसके बाद वे हनुमानगढ़ी भी गए और वहां भी धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। उनकी अयोध्या यात्रा को लेकर लोगों में उत्सुकता देखी गई और सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा रही।
रामलला के दर्शन के बाद एरोल मस्क ने भारत की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें यहां के लोग बहुत अच्छे लगे और भारतीय संस्कृति से वे पहले से परिचित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका के संबंध भविष्य में और भी बेहतर होंगे क्योंकि दोनों देशों के नेताओं में दूरदृष्टि है और वे काफी समझदार हैं।
जब उनसे एलन मस्क और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बढ़ते तनाव को लेकर सवाल किया गया, तो एरोल मस्क ने कूटनीतिक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कुछ चीजों को समझने में समय लगता है, लेकिन बेहतर समझ से हर स्थिति को संभाला जा सकता है।